ऑपरेशन रक्षा’ के तहत जनपद में सघन अभियान, बाल श्रम पर कसी नकेल।

SHARE:

न्यूज 21भारत अमेठी 

होटल, रेलवे स्टेशन व दुकानों का किया गया निरीक्षण।

अमेठी। शासन के निर्देशानुसार बच्चों के दुर्व्यापार से संबंधित अपराधों की रोकथाम हेतु “ऑपरेशन रक्षा” अभियान जनपद में दिनांक 16 जनवरी 2026 से 30 जनवरी 2026 तक चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 22 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी संजय चौहान के निर्देशानुसार एवं उपजिलाधिकारी/प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी सात्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस विभाग, बाल कल्याण समिति एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर छापेमारी व निरीक्षण किया गया। संयुक्त टीम द्वारा स्थानीय थाना गौरीगंज क्षेत्र अंतर्गत रेवती महल होटल, रेलवे स्टेशन गौरीगंज तथा बस अड्डा गौरीगंज का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान किसी भी स्थान पर कोई नाबालिग बालक अथवा बालिका कार्यरत नहीं पाए गए। हालांकि रेवती महल होटल के मालिक को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में नाबालिग से कार्य कराना गैरकानूनी है तथा ऐसा पाए जाने पर बाल श्रम अधिनियम के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके उपरांत संयुक्त टीम द्वारा कस्बा सेमरौता का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान इस्माइल कबाब अंडा दुकान पर बालक शफीक बाल श्रम करते हुए पाया गया, जिस पर संबंधित को तत्काल चेतावनी दी गई। वहीं गुप्ता फास्ट फूड की दुकान पर बालक कुलदीप बाल श्रम करते हुए पाया गया।

दुकान के प्रोपराइटर शुभम गुप्ता से घोषणा पत्र प्राप्त करते हुए भविष्य में बाल श्रम न कराने की कठोर चेतावनी दी गई। संयुक्त टीम द्वारा कस्बे की सभी दुकानों एवं प्रतिष्ठानों के संचालकों को भी स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि बाल श्रम कराते हुए पाए गए तो उनके विरुद्ध बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के अंतर्गत कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उक्त अभियान में अध्यक्ष/सदस्य बाल कल्याण समिति अमेठी, संबंधित थानों की पुलिस टीम, मानव तस्करी रोधक इकाई (एएचटीयू) अमेठी तथा चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) की टीम उपस्थित रही।

ब्यूरो रिपोर्ट अमेठी

Adv Vinod Kumar
Author: Adv Vinod Kumar

न्यूज 21 भारत

Join us on:

Leave a Comment

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now