न्यूज 21भारत अमेठी
अमेठी। आज जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर गौरीगंज के प्रांगण में “विकसित उत्तर प्रदेश-विकसित भारत” थीम पर उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस- 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय राज्य मंत्री खाद्य एवं रसद विभाग/जनपद प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके उपरांत माननीय प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा सुधांशु शुक्ला एवं अन्य अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया। उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर डीपीआरसी के प्रांगण में बाल विकास, महिला कल्याण, मिशन शक्ति, उद्योग, सूचना, पर्यटन, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, एनआरएलएम सहित अन्य विभागों द्वारा स्टाल लगाए गए जिसका अधिकारियों एवं भारी संख्या में जन सामान्य ने अवलोकन किया। इसके उपरांत डीपीआरसी के हाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल में आयोजित माननीय गृहमंत्री जी एवं माननीय मुख्यमंत्री जी के द्वारा उत्तर प्रदेश दिवस 2026 के शुभारंभ का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित माननीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, जन सामान्य ने आत्मसात किया। इसके उपरांत कार्यक्रम में विभिन्न विभागों यथा स्वास्थ्य विभाग में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किया गया, संस्कृति उत्सव कार्यक्रम के तहत जनपद स्तर पर चयनित 12 विजेताओं को प्रमाण पत्र, श्रम विभाग के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के पांच लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र, पंचायती राज विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 16 कर्मचारियों को प्रमाण पत्र, खेल विभाग के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 11 खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र, उद्योग विभाग के अंतर्गत सीएम युवा योजना के दो लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र तथा तीन लाभार्थियों को टूलकिट वितरित किया गया।

उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर माननीय प्रभारी मंत्री जी ने उपस्थित सभी लोगों को उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस की बधाई दी और कहा कि आज का यह क्षण हम सबके लिए बहुत ही गौरव और आत्म सम्मान की विषय है। 24 जनवरी 950 को हमारे इसी ऐतिहासिक राज्य को संवैधानिक दर्जा मिला तबसे उत्तर प्रदेश राजनीतिक, सामाजिक, सांस्कृतिक सभी चीजों में एक केंद्रीय भूमिका के रूप में निर्वाह कर रहा है। जहां उत्तर प्रदेश भारत का सबसे बड़ा राज्य है वही हमारी संस्कृति और परंपरा हमारी आध्यात्मिक चेतना और हमारा ऐतिहासिक योगदान से देश की दशा और दिशा को निरंतर प्रभावित करने का कार्य कर रहा है प्रदेश के यशस्वी माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में आज उत्तर प्रदेश असीम संभावनाओं का प्रदेश बना है उत्तर प्रदेश के अंदर जहां सर्वाधिक एक्सप्रेसवे वाला राज्य बना है वहीं सभी जनपदों में मेडिकल कॉलेज की स्थापना हुई है।

अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के साथ ही जन कल्याणकारी योजनाएं आमजन तक सबका साथ सबका विकास की तर्ज पर पहुंच रही हैं। युवाओं को स्टार्टअप, डिजिटल सुविधाओं और स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ने का काम कर रहे हैं किसानों के लिए भी अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की है और उन्हें आगे बढ़ने का कार्य किया जा रहा है। महिलाओं के सशक्तिकरण, उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन सभी क्षेत्रों में सरकार आगे बढ़कर कार्य कर रही हैं। जिलाधिकारी संजय चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है। 24 जनवरी 1950 को उत्तर प्रदेश को संवैधानिक दर्जा प्राप्त हुआ, जिसके उपरांत प्रदेश ने राष्ट्र निर्माण में निरंतर अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि आज “विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत” की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँच रही हैं, जिससे सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण को मजबूती मिली है। जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, महिला सशक्तिकरण एवं युवा रोजगार के क्षेत्रों में हुए सुधारों के कारण उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। एक्सप्रेसवे नेटवर्क, मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, डिजिटल सेवाओं का विस्तार तथा कानून-व्यवस्था में सुधार प्रदेश को निवेश और विकास के लिए आकर्षक बना रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे शासन की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से लाभ मिल सके।

अंत में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी के सहयोग, समर्पण और सकारात्मक सोच से ही “विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत” का लक्ष्य साकार होगा। इसके उपरांत मा. प्रभारी मंत्री जी ने एक पेड़ मां के नाम से पौधारोपण कर जनपद वासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ रमेश सिंह ने किया। इस अवसर पर उक्त के अतिरिक्त अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अंशुमान सिंह, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, पीडी डीआरडीए ऐश्वर्य यादव, डीसी एनआरएलएम प्रवीणा शुक्ला, जिला पर्यटन अधिकारी पारिजात पांडे, जिला उपाध्यक्ष भवानी दत्त दीक्षित सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण, लाभार्थी, छात्र-छात्राएं व जन सामान्य उपस्थित रहे।
करुणा शंकर वर्मा की रिपोर्ट
Author: Adv Vinod Kumar
न्यूज 21 भारत




