न्यूज 21भारत अमेठी
अमेठी, 03 अक्टूबर 2026। मनसा कोल्ड स्टोरेज, दुर्गापुर में शनिवार को आलू उत्पादक किसानों के लिए किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला उद्यान अधिकारी रणविजय सिंह एवं उप उद्यान अधिकारी संजय यादव ने किसानों को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा अधिक से अधिक किसानों से समयबद्ध पंजीकरण कर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला उद्यान अधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने एवं उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

इसी क्रम में आलू उत्पादक किसानों को राहत प्रदान करने हेतु शीतगृह भंडारण प्रभार पर पात्र किसानों को ₹100 प्रति कुंतल की दर से सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने किसानों को भामाशाह भाव स्थिरता कोष योजना के बारे में भी विस्तार से बताया। कहा कि आलू के बाजार मूल्य में गिरावट आने की स्थिति में पात्र किसानों को निर्धारित मानकों के अनुसार आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की व्यवस्था की गई है, जिससे किसानों को मूल्य गिरावट के कारण होने वाले नुकसान से राहत मिल सके। इस दौरान अधिकारियों ने किसानों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक दस्तावेजों, पंजीकरण प्रक्रिया एवं निर्धारित समयसीमा की जानकारी भी दी। किसानों से अपील की गई कि वे समय रहते पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराकर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त करें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आलू उत्पादक किसान उपस्थित रहे तथा उन्होंने योजनाओं से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं। अधिकारियों ने किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें कृषि एवं उद्यानिकी से जुड़ी सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
ब्यूरो रिपोर्ट अमेठी
Author: Adv Vinod Kumar
न्यूज 21 भारत



