न्यूज 21भारत अमेठी
अमेठी। कोतवाली पुलिस ने एक बार फिर अपनी सक्रियता साबित करते हुए नलकूप इंजन चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया। पूरी कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सिंह के नेतृत्व में अंजाम दी गई, जिनकी सख्त निगरानी और रणनीति के चलते चार आरोपी गिरफ्तार किए गए।
बुधवार को क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति व वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने मैजिक पिकअप वाहन को रोका। तलाशी में वाहन के डाले से दो चोरी के नलकूप इंजन बरामद हुए। आरोपियों के पास वाहन के कागजात भी नहीं मिले। पूछताछ में आरोपियों ने 10 फरवरी को दरखा ग्राम पंचायत क्षेत्र में खेतों से इंजन चोरी करने की बात स्वीकार की। चोरी के बाद इंजन छिपा दिए गए थे और उन्हें बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने दबोच लिया।
प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अमेठी कोतवाल ने कहा कि किसानों की मेहनत पर डाका डालने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में रात्रि गश्त और वाहन चेकिंग और तेज की जाएगी। कोतवाली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के किसानों में भरोसा बढ़ा है और अपराधियों में हड़कंप मचा है।
ब्यूरो रिपोर्ट अमेठी
Author: Adv Vinod Kumar
न्यूज 21 भारत



