न्यूज 21भारत अमेठी
दो चरणों में होगी जनगणना, स्व-गणना की भी रहेगी व्यवस्था।
सटीक आंकड़ों के लिए अधिकारियों को दिए गए विस्तृत दिशा-निर्देश।
भवन सूचीकरण से व्यक्तिगत गणना तक की प्रक्रिया समझाई गई।
अमेठी। जनगणना-2027 को सुव्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण सत्र सहायक निदेशक, जनगणना कार्यालय उत्तर प्रदेश/मंडल प्रभारी कपिल कुमार पांडे द्वारा आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान मंडल प्रभारी ने बताया कि जनगणना की प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण 22 मई से 20 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस चरण में जनपद के सभी भवनों, जनगणना मकानों एवं परिवारों की पहचान कर उन्हें व्यवस्थित रूप से सूचीबद्ध किया जाएगा।

साथ ही आवास की स्थिति, छत की सामग्री, पेयजल के स्रोत, शौचालय की उपलब्धता, घरेलू सुविधाएं एवं संपत्तियों से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े एकत्रित किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आंकड़ों की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करना प्राथमिकता होगी। जनगणना का द्वितीय चरण 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक संचालित होगा। इस दौरान जनपद के प्रत्येक व्यक्ति की व्यक्तिगत गणना की जाएगी। आयु, लिंग, वैवाहिक स्थिति, साक्षरता स्तर, शैक्षिक योग्यता, आर्थिक गतिविधियों सहित अन्य आवश्यक सामाजिक-आर्थिक विवरण एकत्र किए जाएंगे। अधिकारियों को बताया गया कि यह आंकड़े भविष्य की योजनाओं के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्रशिक्षण में यह भी अवगत कराया गया कि 7 मई से 21 मई 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिसके अंतर्गत इच्छुक नागरिक स्वयं अपना विवरण दर्ज कर सकेंगे। इससे प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा समय की बचत भी होगी। प्रशिक्षण सत्र के दौरान जनगणना से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए कार्य विभाजन, पर्यवेक्षण प्रणाली एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया। इस अवसर पर समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, डीएसटीओ, डीपीआरओ, बीएसए, डीआईओ एनआईसी, अधिशासी अधिकारी तथा जनगणना कार्यालय की जिला प्रभारी सिवी गौतम सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
करुणा शंकर वर्मा की रिपोर्ट
Author: Adv Vinod Kumar
न्यूज 21 भारत



