न्यूज 21भारत लखनऊ
उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने आज यहां उदयगंज स्थित सिंचाई विभाग मुख्यालय परिसर में नवनिर्मित सरदार वल्लभभाई पटेल सिंचाई भवन, का लोकार्पण किया, इस अवसर पर जलशक्ति राज्यमंत्री राकेश निषाद, प्रमुख सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग अनिल गर्ग, प्रमुख अभियन्ता एवं विभागाध्यक्ष इं0 संदीप कुमार, प्रमुख अभियन्ता परिकल्प एवं नियोजन इं0 अशोक कुमार सिंह, मुख्य अभियन्ता, अधीक्षण अभियन्ता तथा अन्य अभियन्ता गण एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। सिंचाई भवन के उद्घाटन पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए जलशक्ति मंत्री ने कहा कि यह भवन सिंचाई विभाग के कार्यों एवं कार्यक्षमता को और अधिक सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति प्रदान करेगा।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस भवन में बेसमेंट तथा भूतल पर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था के साथ प्रथम तल से चतुर्थ तल तक लगभग 600 अधिकारियों एवं कर्मचारियों हेतु बैठने की व्यवस्था की गई है। इस भवन में अधिकारियों की समीक्षा बैठक एवं अन्य मीटिंगों हेतु हॉल निर्मित है। यह भवन विभागीय कार्यकुशलता को बढ़ाने के साथ-साथ जनहितकारी योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन में सहायक सिद्ध होगा।
जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने इसके साथ ही सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग से संबंधित कोर्ट केसेज के ऑनलाइन अनुश्रवण हेतु सूचना प्रणाली संगठन, लखनऊ द्वारा विकसित LCMIS पोर्टल का भी उद्घाटन किया। यह पोर्टल कोर्ट केसेज एवं आर्बिट्रेशन प्रकरणों को डिजिटल करते हुए उनका तत्क्षण अनुश्रवण सुलभ करने, पारदर्शिता रखने एवं प्रत्येक स्तर पर त्वरित प्रभावी कार्यवाही करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। LCMIS पोर्टल द्वारा कोर्ट केसेज के विभिन्न प्रकार के मासिक एवं अन्य रिपोर्ट स्वजनित होने से कागज एवं स्थान की भी बचत होगी।
ब्यूरो रिपोर्ट लखनऊ
Author: Adv Vinod Kumar
न्यूज 21 भारत



