न्यूज 21भारत अमेठी
अमेठी जिले के भेटुआ ब्लॉक अंतर्गत धरईमाफी गांव में बुधवार को अंतिम संस्कार के दौरान मधुमक्खियों के हमले से हड़कंप मच गया। इस घटना में शोकाकुल परिवार सहित करीब 20 लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अनिल यादव की लगभग 85 वर्षीय दादी का शव गांव के तेली तारा के पास अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया था। दोपहर के समय जैसे ही ग्रामीण शव को चिता पर रखने की तैयारी कर रहे थे, पास के बाग में मौजूद मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शी सोनू यादव ने बताया कि हमला इतना अचानक और तेज था कि लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। मधुमक्खियों के डंक से कई लोग बुरी तरह घायल हो गए।
घटना की सूचना पर एम्बुलेंस के माध्यम से गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को भेटुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल राम आसरे शुक्ला की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सुलतानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायलों का इलाज कर उन्हें घर भेज दिया गया।
इस हादसे के बावजूद, परिजनों ने कंबल से खुद को ढककर किसी तरह मृतका को मुखाग्नि दी। घायलों में राम आसरे शुक्ला के अलावा अनिल यादव, मोहित दूबे, चंद्रपाल यादव, सोनू यादव, रविंदर यादव सहित शोक संतप्त परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और ग्रामीण शामिल हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट अमेठी
Author: Adv Vinod Kumar
न्यूज 21 भारत



