न्यूज़ 21 भारत
दिल्ली शराब घोटाले में अभी हाल ही में आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है यह पहले नेता नहीं है जिनकी गिरफ्तारी हुई है इससे पहले भी समय-समय पर आम आदमी पार्टी के नेता और मंत्री जेल जा चुके हैं। दिल्ली और पंजाब में आप सरकारों के मंत्री समय-समय पर जेल जा चुके हैं इसके अलावा लगभग डेढ़ दर्जन विधायक भी जेल गए हैं |
आम आदमी पार्टी का जन्म एक जन आंदोलन जो की भ्रष्टाचार के खिलाफ था वहां से आम आदमी पार्टी का जन्म हुआ लेकिन उसके विपरीत आम आदमी पार्टी के नेताओं पर लगातार भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं ।आरोपों में नेता जेल जाते रहे अभी हाल ही में कुछ दिन पूर्व दिल्ली शराब घोटाला चर्चा का विषय बना हुआ है अभी कुछ माह पूर्व दिल्ली के उपमुख्यमंत्री रहे मनीष सिसोदिया भी जेल में है । इसी घोटाले में आम आदमी पार्टी के बड़े नेता राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी भी हो गई है फिलहाल संजय सिंह 5 दिन की ईडी की रिमांड में है । ईडी ने आप नेता के करीबी सर्वेश मिश्रा कमरवीर सिंह और विवेक त्यागी को तलब किया है ताकि आमने सामने बैठाकर पूछताछ की जा सके।
संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद से लगातार आम आदमी पार्टी और भाजपा में बयान बाजी का सिलसिला लगातार जारी है वही आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधा है उन्होंने कहा कि झूठे केस लगाकर पार्टियो को फसाने की कोशिश हो रही है ताकि ऐसी पार्टियों को तोड़ा जा सके।
किन नेताओं के खिलाफ हुईं कार्रवाइयां
संजय सिंह
गिरफ्तार होने वालों में सबसे ताजा मामला आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह का है। चार अक्तूबर को दिल्ली शराब घोटाले में ईडी ने सांसद संजय सिंह को गिरफ्तार किया है । शराब नीति घोटाले में संजय सिंह का नाम पहली बार दिसंबर 2022 में सामने आया था। तब ईडी ने आरोपपत्र में कारोबारी दिनेश अरोड़ा के बयान के हिस्से के रूप में आप नेता के नाम का उल्लेख किया गया था। एजेंसी ने दावा किया कि दिनेश अरोड़ा ने उन्हें बताया कि वह शुरू में संजय सिंह से मिले थे, जिनके जरिए वह बाद में एक रेस्तरां में एक पार्टी के दौरान मनीष सिसोदिया से मिले।
मनीष सिसोदिया
इसी साल 10 मार्च को ईडी ने दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया था। ईडी से पहले 26 फरवरी को सीबीआई ने उन्हें गिरफ्तार किया था। बता दें कि दिल्ली शराब घोटाले में सीबीआई और ईडी ने सिसोदिया को आरोपी बनाया है। सीबीआई ने मनीष सिसोदिया के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधी कानून और ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग कानून के तहत मामला दर्ज किया है। उन पर आरोप है कि दिल्ली में शराब नीति बनाते वक्त धांधली की गई।
सत्येंद्र जैन
ईडी ने 31 मई 2022 को दिल्ली के तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र कुमार जैन को गिरफ्तार किया था। एजेंसी ने 24 अगस्त 2017 को सीबीआई की तरफ से दर्ज की गई एफआईआर को आधार बनाकर सत्येंद्र जैन के खिलाफ मनी-लॉन्ड्रिंग मामले में जांच शुरू की थी। एजेंसियों के आरोप हैं कि सत्येंद्र जैन ने 14 फरवरी 2015 से 31 मई 2017 तक कई लोगों के नाम पर चल संपत्तियां खरीदी थीं। जिसका वे संतोषजनक हिसाब नहीं दे सके थे।
अमानतुल्लाह खान
दिल्ली एंटी करप्शन ब्यूरो ने आप विधायक अमानतुल्लाह खान को 16 सितंबर 2022 को दिल्ली वक्फ बोर्ड में भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया था। उन्हें 28 सितंबर 2022 को जमानत पर रिहा कर दिया गया।
सोमनाथ भारती
आप सरकार में मंत्री रहे सोमनाथ भारती को भी कई तरह के विवादों में फंसने के कारण इस्तीफा देना पड़ा था। जनवरी 2021 में उत्तर प्रदेश के दौरे पर उन्हें गिरफ्तार भी किया गया। उनका घरेलू विवाद भी मीडिया की सुर्खियां बना रहा।
संदीप कुमार
आप सरकार के एक अन्य मंत्री संदीप कुमार भी सीडी कांड में फंस गए थे। उनके पास महिला एवं बाल कल्याण मंत्रालय था। इस मामले में सितंबर 2016 में उन्हें जेल की सलाखों के पीछे जाना पड़ा था। आप नेता को नवंबर 2016 में जमानत दे दी गई थी। फिलहाल वह पार्टी से निष्कासित किए जा चुके हैं।
अहमद खान
दिल्ली सरकार में खाद्य आपूर्ति मंत्री रहे आसिम अहमद खान को 2018 में भ्रष्टाचार के मामले में पद छोड़ना पड़ा था। आसिम पर आरोप था कि उन्होंने छह लाख रुपये की रिश्वत ली है। इस मामले में केजरीवाल ने खुद यह बात स्वीकार की थी कि शिकायतकर्ता ने उन्हें ऑडियो क्लिप भेजी है।
जितेंद्र सिंह तोमर
आप सरकार में ही कानून मंत्री रहे जितेंद्र सिंह तोमर को 2015 में पद छोड़ना पड़ा था। फर्जी डिग्री मामले में उनकी गिरफ्तारी भी हुई। 2020 में दिल्ली उच्च न्यायालय ने उनके खिलाफ फैसला सुनाया जहां उन्हें 2015 के चुनाव नामांकन में फर्जी डिग्री का दोषी पाया गया।
विजय सिंगला
‘आप’ की पंजाब सरकार में स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला भी भ्रष्टाचार के मामले जेल जा चुके हैं। उन पर आरोप लगा था कि उन्होंने स्वास्थ्य महकमे की टेंडर प्रक्रिया में किसी को फायदा पहुंचाने के लिए एक फीसदी कमीशन मांगा था। सीएम भगवंत मान ने तुरंत प्रभाव से उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया। इसी साल मई में उन्हें पंजाब की एंटी क्रप्शन ब्रांच ने गिरफ्तार किया था।

Author: Adv Vinod Kumar
न्यूज 21 भारत