न्यूज 21भारत अमेठी
अमेठी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अमेठी डॉ. जी.के. शुक्ला ने जनपद के समस्त पशुपालकों एवं किसान भाइयों से अपील करते हुए बताया कि राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम (NADCP) के अंतर्गत खुरपका-मुंहपका (FMD) टीकाकरण अभियान-2026 का 8वां चरण दिनांक 22 जुलाई 2026 से 4 सितम्बर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान जनपद के सभी गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि खुरपका-मुंहपका (FMD) एक अत्यंत संक्रामक वायरल रोग है, जो गाय, भैंस, बकरी, भेड़ एवं अन्य खुरदार पशुओं को प्रभावित करता है। इस रोग के कारण पशुओं के मुंह, जीभ, होंठ तथा खुरों में छाले एवं घाव हो जाते हैं, जिससे पशु चारा कम खाने लगते हैं, दूध उत्पादन में कमी आती है तथा पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने कहा कि प्रदेश एवं देश को FMD मुक्त बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी पशुपालकों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने पशुपालकों से आग्रह किया कि वे अपने सभी गोवंशीय, भैंसवंशीय एवं अन्य खुरदार पशुओं को निर्धारित तिथि पर टीका अवश्य लगवाएं। टीकाकरण पूर्णतः सुरक्षित एवं निःशुल्क है तथा इससे पशु खुरपका-मुंहपका जैसी जानलेवा बीमारी से सुरक्षित रहते हैं। डॉ. शुक्ला ने बताया कि समय पर टीकाकरण कराने से पशुओं का स्वास्थ्य बेहतर रहता है, दूध उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि होती है, मृत्यु दर में कमी आती है तथा पशुपालकों को आर्थिक हानि से बचाव मिलता है। स्वस्थ पशु ही समृद्ध किसान और विकसित राष्ट्र की आधारशिला हैं। उन्होंने पशुपालकों को सलाह दी कि यदि किसी पशु में मुंह या खुरों में छाले, अत्यधिक लार टपकना, बुखार, कमजोरी अथवा चलने-फिरने में कठिनाई जैसे लक्षण दिखाई दें तो तत्काल निकटतम पशु चिकित्सालय या पशु चिकित्साधिकारी से संपर्क करें। संक्रमित पशु को अन्य स्वस्थ पशुओं से अलग रखें तथा पशुशाला की नियमित साफ-सफाई एवं कीटाणुशोधन कराएं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए विभागीय टीमें गांव-गांव जाकर पशुओं का टीकाकरण करेंगी। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों तथा पशुपालकों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि “आज टीका, कल सुरक्षा” के संकल्प के साथ अपने पशुओं का टीकाकरण अवश्य कराएं और जनपद अमेठी को खुरपका-मुंहपका रोग मुक्त बनाने में योगदान दें। अधिक जानकारी के लिए पशुपालक अपने निकटतम पशु चिकित्सालय अथवा पशुपालन विभाग के हेल्पलाइन नंबर 18001805141 पर संपर्क कर सकते हैं।
अमेठी से करुणा शंकर वर्मा की रिपोर्ट
Author: Adv Vinod Kumar
न्यूज 21 भारत



