न्यूज 21भारत अमेठी
अमेठी। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने सोमवार को एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान महिला सुरक्षा, बालिका शिक्षा एवं महिला कल्याण योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तहसील गौरीगंज सभागार में महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों की जनसुनवाई कर पीड़ित महिलाओं की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के उपरांत डॉ. प्रियंका मौर्या ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, अमेठी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, आवासीय सुविधाओं, भोजन, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय भ्रमण के दौरान आयोग की सदस्य ने कक्षाओं, छात्रावास, रसोईघर, भोजनालय एवं परिसर की साफ-सफाई का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की तथा विद्यालय प्रशासन को छात्राओं की सुविधाओं और सुरक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं उच्च स्तर पर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके पश्चात डॉ. मौर्या ने विकासखंड गौरीगंज की ग्राम पंचायत दरपीपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर आयोजित जन चौपाल में भाग लिया। यहां उन्होंने ग्रामीण महिलाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, महिला सुरक्षा कानूनों, हेल्पलाइन सेवाओं एवं आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। डॉ. मौर्या ने कहा कि महिलाओं का सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षिक सशक्तिकरण प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने महिलाओं से किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, भेदभाव या हिंसा की स्थिति में निडर होकर शिकायत दर्ज कराने और उपलब्ध सहायता सेवाओं का उपयोग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों एवं महिलाओं को प्रदान की जा रही सेवाओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी वीरेंद्र प्रताप वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी पी.के. दास, नायब तहसीलदार गौरीगंज अनुश्री त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट अमेठी
Author: Adv Vinod Kumar
न्यूज 21 भारत



