24 घंटे के भीतर करें जलापूर्ति संबंधी समस्या का समाधान- स्वतंत्र देव

SHARE:

न्यूज 21भारत लखनऊ 

लखनऊ,03 अगस्त। जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के जिन गांवों में पानी की सप्लाई शुरू कर दी गई है, अगर वहां किसी भी तरह की कोई समस्या आती है तो अधिकारी और कर्मचारी 24 घंटे के भीतर समस्या का समाधान करें। जिससे ग्रामीणों को जलापूर्ति संबंधी किसी भी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े। इसके निर्देश जलशक्ति मंत्री ने सोमवार को जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा के दौरान दिए। जलशक्ति मंत्री ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि अगर कहीं से भी जलापूर्ति संबंधी शिकायत आती है, तो दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समीक्षा बैठक में जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद, एमडी जल निगम ग्रामीण, राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन के अधिशासी निदेशक समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

पाइपलाइन बिछाने से प्रभावित सड़कों की तुरंत करें मरम्मत

समीक्षा बैठक के दौरान जलशक्ति मंत्री ने कहा कि पाइपलाइन बिछाने से प्रभावित सड़कों की तत्काल प्रभाव से मरम्मत की जाए। अगर कहीं भी सड़क रिस्टोरेशन के कार्यों में शिकायत आती है, तो दोषियों को किसी भी हाल में बक्शा नहीं जाएगा। जलशक्ति मंत्री ने जिले के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह अंतिम चेतावनी है, इसके बाद संबंधित अधिकारियों को मुख्यालय से संबद्ध किया जाएगा।

समीक्षा बैठक के दौरान जलशक्ति मंत्री ने निर्देश दिए कि अधिकारी गांवों में जाकर जल जीवन मिशन के प्रभाव का आकलन करें। विशेषकर जलजनित बीमारियों में आई कमी और ग्रामीणों के जीवन में हुए सकारात्मक बदलाव की जानकारी लें। लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूक करें।

जल अर्पण कार्यक्रमों में लाएं तेजी

जलशक्ति मंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन की ज्यादातर परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा से पहले ही पूरी हो चुकी हैं। जिन-जिन गांवों में नल से पेयजल आपूर्ति का काम पूरा हो चुका है। वहां जल अर्पण कार्यक्रम का आयोजन कराया जाए। लोगों को “जल अर्पण” कार्यक्रम के महत्व को समझते हुए अधिक से अधिक जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। जलशक्ति मंत्री ने प्रत्येक जिले में नियमित रूप से जल चौपाल आयोजित करने, जनप्रतिनिधियों से संवाद कर उन्हें जल जीवन मिशन की प्रगति रिपोर्ट पोर्टल एवं “जल सारथी” ऐप के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

ब्यूरो रिपोर्ट लखनऊ

Adv Vinod Kumar
Author: Adv Vinod Kumar

न्यूज 21 भारत

Join us on:

Leave a Comment

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now