न्यूज 21भारत अमेठी
18 और 25 अक्टूबर को जनपद के सभी 1632 बूथों पर लगेंगे विशेष कैंप, छूटे हुए पात्र मतदाताओं और पहली बार वोटर बनने वाले युवाओं के नाम जोड़ने पर रहेगा जोर।
अमेठी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के उद्देश्य से जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा अधिकाधिक पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को निर्वाचक नामावली में शामिल करना है। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में इस दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदाता पंजीकरण एक सतत प्रक्रिया है। ऐसे नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है अथवा किसी कारणवश सूची से हट गया है, वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के प्रति जागरूक रहना चाहिए और समय रहते अपने नाम की जांच कर लेनी चाहिए।

मतदाताओं की सुविधा तथा पंजीकरण प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए जनपद के सभी 1632 बूथों पर 18 अक्टूबर (रविवार) और 25 अक्टूबर (रविवार), 2026 को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को पंजीकरण के लिए आवेदन करने का अवसर मिलेगा। जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को निर्देशित करें कि वे संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ समन्वय स्थापित कर मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों और युवा मतदाताओं के नाम शामिल कराने में सहयोग करें।

उन्होंने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से भी अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि उनका नाम सूची में दर्ज नहीं है अथवा किसी कारणवश विलोपित हो गया है, तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पंजीकरण के लिए आवेदन करें। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज न होने के कारण अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रहे। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट अमेठी
Author: Adv Vinod Kumar
न्यूज 21 भारत



