न्यूज 21भारत अमेठी
आलू विकास योजना के तहत किसानों को भंडारण किराए में ₹100 प्रति कुंतल की छूट, प्रमाणित बीज पर मिलेगा अनुदान।
जन सुविधा केंद्र अथवा जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय में कराया जा सकता है पंजीकरण।
अमेठी। किसानों को आलू की खेती के प्रति प्रोत्साहित करने, उत्पादन लागत कम करने तथा आलू के भंडारण और विपणन में राहत प्रदान करने के उद्देश्य से उद्यान विभाग द्वारा आलू विकास योजना के अंतर्गत विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जिला उद्यान अधिकारी रणविजय सिंह ने बताया कि इन योजनाओं में निजी शीतगृहों में भंडारित आलू के भंडारण प्रभार में छूट, आलू के प्रमाणित बीज पर अनुदान तथा भामाशाह भाव स्थिरता योजना शामिल हैं। इन योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन dbt.uphorticilture.in पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि निजी शीतगृहों में आलू भंडारित करने वाले किसानों को भंडारण किराए में ₹100 प्रति कुंतल की दर से छूट प्रदान की जाएगी। इसके लिए किसानों को संबंधित पोर्टल पर आवश्यक अभिलेख अपलोड करने होंगे इनमें आधार कार्ड, बैंक पासबुक, खतौनी, भंडारण पर्ची, निकासी रसीद एवं भुगतान रसीद शामिल हैं। अभिलेखों के निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सत्यापन के बाद अनुदान की धनराशि किसानों के बैंक खातों में अंतरित की जाएगी। आलू की खेती करने वाले किसानों को प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के लिए भी योजना संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत सरकार द्वारा निर्धारित ₹3,630 प्रति कुंतल की दर से आलू का प्रमाणित बीज उपलब्ध कराया जाएगा। इस पर किसानों को ₹1,000 प्रति कुंतल की दर से अनुदान दिया जाएगा, जिसकी धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि जनपद अमेठी के लिए आलू की कुफरी बहार, कुफरी पुखराज एवं कुफरी सिंदुरी प्रजातियों का आवंटन किया गया है। इन प्रजातियों के माध्यम से किसानों को प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि प्रदेश स्तर पर भामाशाह भाव स्थिरता कोष की स्थापना की गई है। इस योजना का उद्देश्य आलू के बाजार भाव में स्थिरता बनाए रखने तथा बाजार मूल्य में उतार-चढ़ाव की स्थिति में किसानों को राहत प्रदान करना है। योजना के अंतर्गत निर्धारित प्रावधानों के अनुसार किसानों को अनुदान का लाभ दिया जाएगा। जिला उद्यान अधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे आलू विकास योजना के अंतर्गत संचालित योजनाओं का लाभ लेने के लिए जन सुविधा केंद्र (सीएससी) अथवा जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर अपना पंजीकरण एवं आवेदन कराएं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन की सुविधा को सुगम बनाने के लिए निदेशक, उद्यान विभाग, लखनऊ द्वारा सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के माध्यम से विभागीय पोर्टल को डिजिटल सेवा प्लेटफॉर्म से एकीकृत करने की सहमति प्रदान की गई है। इसके अंतर्गत प्रति पंजीकरण/आवेदन ₹18 का निर्धारित शुल्क देय होगा। उद्यान विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे आवश्यक अभिलेखों के साथ पंजीकरण कराकर योजनाओं का लाभ उठाएं, जिससे आलू के भंडारण एवं बीज पर मिलने वाली आर्थिक सहायता से उन्हें राहत मिल सके।
ब्यूरो रिपोर्ट अमेठी
Author: Adv Vinod Kumar
न्यूज 21 भारत



