न्यूज 21भारत बरेली
बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र में कॉल सेंटर की आड़ में कथित रूप से अवैध तरीके से दवाओं की बिक्री किए जाने का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया पर हर्बल दवाओं के विज्ञापन देकर लोगों को अपने संपर्क में लाते थे और फोन पर खुद को डॉक्टर बताकर दवाएं बेचते थे। राजीव इन्क्लेव में हुई छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
IPS शिवम आशुतोष ने बताया कि छापेमारी के दौरान मौके से बड़ी मात्रा में पैक की गई दवाएं, मोबाइल फोन, कंप्यूटर उपकरण और करीब दो लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस ने देवरनियां निवासी 24 वर्षीय समीरउद्दीन और बड़ी बिहार निवासी 25 वर्षीय यूसुफ को गिरफ्तार किया है। वहीं बड़ी बिहार निवासी इलियास खां मौके से फरार हो गया।
सोशल मीडिया के जरिए ग्राहकों को बनाते थे निशाना
पुलिस के मुताबिक आरोपी इंस्टाग्राम पर ‘हर्बल हैंड जड़ीबूटी’ नाम से आईडी संचालित करते थे। विज्ञापनों के जरिए लोगों से संपर्क करने के बाद कॉल सेंटर के माध्यम से बातचीत की जाती थी। आरोप है कि ग्राहकों को प्रभावित करने के लिए आरोपी खुद को डॉक्टर बताते थे और इसके बाद दवाओं की बिक्री करते थे।
पुलिस का कहना है कि मकान के अंदर ही कैप्सूल में सामग्री भरकर उनकी पैकिंग की जा रही थी। तैयार पैकेटों पर रैपर लगाकर उन्हें कथित तौर पर अपनी फर्म के नाम से बेचा जाता था। पूछताछ में आरोपियों के सहारनपुर और मुरादाबाद से सामग्री लाने की जानकारी सामने आई है।
जांच से बचने के लिए रखी थी फर्जी लाइसेंस की कॉपी।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास दवा कारोबार का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। चेकिंग के दौरान कार्रवाई से बचने के लिए कथित तौर पर फर्जी लाइसेंस की कॉपी तैयार रखी गई थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। पूछताछ में करीब एक वर्ष से यह गतिविधि संचालित किए जाने की बात सामने आई है।
85 पैकेज, 12 मोबाइल और 1.99 लाख रुपये बरामद
पुलिस के अनुसार मौके से 85 पैकेज दवाएं, 12 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, छह सीपीयू, आठ मॉनिटर, छह कीबोर्ड, माउस, प्रिंटर, दो बिल प्रिंटर, एक स्कैनर, छह चेकबुक, 14 एटीएम कार्ड और 1.99 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस अब बरामद कैप्सूलों में इस्तेमाल सामग्री, कथित फर्जी लाइसेंस, सोशल मीडिया अकाउंट और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। फरार आरोपी की तलाश में भी दबिश दी जा रही है।
पुलिस की सक्रियता से सामने आया कथित फर्जीवाड़ा
इज्जतनगर पुलिस की कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। IPS शिवम आशुतोष के नेतृत्व में पुलिस टीम की सक्रियता से कॉल सेंटर की आड़ में चल रही कथित गतिविधि का खुलासा हुआ। कार्रवाई से यह संदेश भी गया है कि सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को गुमराह कर अवैध कारोबार करने वालों पर पुलिस की नजर बनी हुई है।
इज्जतनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ब्यूरो रिपोर्ट बरेली
Author: Adv Vinod Kumar
न्यूज 21 भारत




