न्यूज 21भारत लखनऊ
बसपा सुप्रीमो मायावती ने राज्यसभा के पूर्व सांसद अशोक सिद्धार्थ को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अशोक सिद्धार्थ को अपनी गलतियां सुधारने के कई मौके दिए, लेकिन उन्होंने बहुजन समाज और पार्टी के मिशन से ज्यादा निजी और पारिवारिक स्वार्थ को महत्व दिया। मायावती ने कहा कि अब भी अशोक सिद्धार्थ के पास मौका है कि वे अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा छोड़कर पूरी तरह राजनीति से संन्यास ले लें। इसके बाद ही उनके दामाद आकाश आनंद को पार्टी की जिम्मेदारियां वापस देने पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जा सकता है।
बोलीं- अशोक सिद्धार्थ के फैसले का असर आकाश आनंद पर भी पड़ा
मायावती ने कहा कि अशोक सिद्धार्थ को पार्टी ने कई बार खुद को सुधारने का अवसर दिया, लेकिन उन्होंने निजी और पारिवारिक महत्वाकांक्षा को प्राथमिकता दी। इसका असर उनके साथ-साथ उनके दामाद आकाश आनंद को भी भुगतना पड़ा।
उन्होंने कहा कि अशोक सिद्धार्थ को पार्टी और समाज के सामने त्याग और समर्पण की मिसाल पेश करनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
आकाश आनंद की जिम्मेदारियां लौटाने पर बाद में विचार
मायावती ने कहा कि अगर अशोक सिद्धार्थ राजनीति से पूरी तरह अलग हो जाते हैं और निजी स्वार्थ से ऊपर उठते हैं तो आकाश आनंद के लिए पार्टी में स्वतंत्र रूप से काम करने की स्थिति बन सकती है। ऐसी स्थिति में पार्टी उनकी जिम्मेदारियां वापस देने पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर सकती है।
ब्यूरो रिपोर्ट लखनऊ
Author: Adv Vinod Kumar
न्यूज 21 भारत




