न्यूज 21भारत अमेठी
अमेठी। जिला उद्यान अधिकारी रणविजय सिंह ने बताया कि आलू उत्पादक किसानों को गुणवत्तायुक्त आलू बीज उपलब्ध कराने एवं उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उद्यान विभाग द्वारा आलू बीज अनुदान योजना के अंतर्गत पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। योजना के तहत किसानों को प्रमाणित श्रेणी का गुणवत्तायुक्त आलू बीज अनुदान पर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत आलू बीज पर ₹1000 प्रति कुंतल की दर से अनुदान अनुमन्य है। अनुदान की धनराशि किसान द्वारा क्रय किए गए आलू बीज की मात्रा के आधार पर निर्धारित की जाएगी तथा आधार सीडेड डीबीटी/आधार प्रमाणित बैंक खाते में सीधे हस्तांतरित की जाएगी। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों को विभागीय पोर्टल potato.uphorticulture.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। योजना का संचालन प्रथम आवक-प्रथम पावक के आधार पर किया जाएगा। इसी क्रम में मंगलवार को मेसर्स गुरु नानक कोल्ड स्टोरेज, बहादुरपुर (जायस) में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान किसानों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं अनुदान की व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक संजय यादव एवं शीतगृह प्रबंधक केशव राम सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट अमेठी
Author: Adv Vinod Kumar
न्यूज 21 भारत



