न्यूज 21भारत सुल्तानपुर
सुल्तानपुर। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के रामपुर हनुमानगंज गांव में शनिवार शाम एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटककर मौत हो जाने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान कोमल (23) पुत्री हरि मंगल के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि उसकी शादी आगामी नवंबर माह में तय थी, लेकिन वह काफी समय से पेट की गंभीर बीमारी से परेशान थी। हाल ही में उसका अल्ट्रासाउंड सहित अन्य चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया था। बीमारी के कारण वह मानसिक तनाव में रहने लगी थी। बताया जाता है कि शनिवार शाम घर के अन्य सदस्य अलग-अलग कार्यों से बाहर थे। पिता मजदूरी पर गए थे, मां रिश्तेदारी में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं, जबकि छोटे भाई को वह बाजार भेज चुकी थी। इसी दौरान घर में अकेली रह गई कोमल ने कमरे के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी। कुछ देर बाद खेलकर लौटी उसकी छोटी बहन ने उसे लटका देखा और शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली देहात पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ब्यूरो रिपोर्ट सुल्तानपुर
Author: Adv Vinod Kumar
न्यूज 21 भारत



