न्यूज 21भारत अमेठी
उत्तर प्रदेश की हाईप्रोफाइल लोकसभा सीट अमेठी की सांसद स्मृति ईरानी इन दिनों अपने संसदीय क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वह लोगों से भी रूबरू हुईं। खासतौर से जनता से जुड़ी समस्याएं जानीं और उनका निपटारा भी करवाया। उधर, शुक्रवार को जन विकास यात्रा में आई केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी दुल्हन से अनोखा रिश्ता जोड़ती नजर आईं। इस दौरान स्मृति ईरानी ने न केवल नई नवेली दुल्हन पर जमकर प्यार लुटाया बल्कि उपहार के तौर पर शगुन भी दिया ।
दुल्हन को मुंह दिखाई में मिला घर
इस दौरान केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने नई नवेली दुल्हन को मुंह दिखाई में अपना आशीर्वाद दिया और शगुन के तौर पर आवास दिया । दरअसल यह दुल्हन जनसंवाद कार्यक्रम में अपनी कोई फरियाद लेकर आई थी। इस पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने हर संभव मदद का भरोसा दिया। उधर, केंद्रीय मंत्री से मिले स्नेह और प्रेम से दुल्हन भी खुश नजर आई।
दुल्हन ने जीत लिया स्मृति ईरानी का दिल
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी जब वापस जाने लगी तो दुल्हन बाकायदा विदा करने आई। इस मौके पर ही स्मृति ईरानी ने शगुन के तौर पर नकदी दी और सिर पर अपना हाथ रखकर आशीर्वाद दिया। इसके बाद नई नवेली दुल्हन ने अवध की संस्कृति का परिचय देते हुए अपने आंचल से कई बार स्मृति ईरानी के पैर छुए। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने दोबारा नई नवेली दुल्हन को आशीर्वाद दिया। उनके जाने के बाद इलाके के लोग स्मृति ईरानी के इस व्यवहार की जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस तरह शायद ही कोई नेता स्नेह के साथ जनता के साथ पेश आय़ा हो। उधर शगुन के तौर पर स्मृति ईरानी से आशीर्वाद और आवास पाकर दुल्हन के साथ उसका पति और समूचा परिवार खुश है।
करूणा शंकर वर्मा की रिपोर्ट

Author: Adv Vinod Kumar
न्यूज 21 भारत