न्यूज 21भारत नई दिल्ली
नई दिल्ली/अमेठी। अमेठी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यता अभियान को और अधिक मजबूती देने के लिए, भाजपा जिलाध्यक्ष राम प्रसाद मिश्र और पूर्व प्रमुख अमरेन्द्र सिंह पिंटू ने सोमवार को दिल्ली का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के आवास पर पहुंचकर उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
सदस्य बनने के बाद, स्मृति ईरानी ने भाजपा नेताओं से अमेठी जिले के संगठन और विकास कार्यों की मौजूदा स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर सुधांशु शुक्ला सहित कई अन्य प्रमुख नेता भी उपस्थित रहे।
इस बारे में जानकारी देते हुए, पूर्व प्रमुख अमरेन्द्र सिंह पिंटू ने कहा, “दीदी स्मृति ईरानी ने पिछले दस सालों में संसदीय क्षेत्र की तमाम समस्याओं का हल करने का प्रयास किया है। उन्होंने नागरिक सुविधाओं का विस्तार कर अमेठी के विकास में अहम योगदान दिया है।
लोकसभा चुनाव में हार के बावजूद, अमेठी की जनता आज भी दीदी को याद करती है। उनके सदस्यता अभियान के तहत की गई अपील ने पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया है।
जिलाध्यक्ष राम प्रसाद मिश्र ने बताया कि सभी मंडल इकाइयों की ओर से सदस्यता अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। कार्यकर्ता पूरी लगन से इस अभियान को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
यह सदस्यता अभियान निश्चित रूप से पार्टी में नए जोश और उत्साह का संचार करेगा और भविष्य में पार्टी की जड़ों को और मजबूत करेगा।
ब्यूरो रिपोर्ट

Author: Adv Vinod Kumar
न्यूज 21 भारत