न्यूज 21भारत अमेठी
अमेठी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में अमेठी जिला कांग्रेस कमेटी ने लगातार दूसरे दिन भी केंद्र सरकार के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन किया। बीती रात जिले के विभिन्न गांवों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। वहीं आज जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप सिंघल के नेतृत्व में केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय, गौरीगंज के बाहर सैकड़ों महिलाओं, पुरुषों, युवाओं, छात्रों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की गिरफ्तारी को लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताते हुए इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताया। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाना संविधान की भावना के विपरीत है।

धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारों के साथ अपना विरोध दर्ज कराया। पूरे परिसर में “*सेवक नहीं यह कायर है, यह तो जनरल डायर है*” तथा
“*जब-जब मोदी जुल्म करेगा सत्ता की गलियारों में- चप्पा चप्पा गूंज उठेगा इंकलाब के नारों से*
जैसे नारे लगातार गूंजते रहे। इन नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प दोहराया।
कई घंटे तक चले इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में राहगीरों, छात्रों, महिलाओं और आम नागरिकों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम के अंत में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं, महिलाओं, युवाओं, छात्रों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष आगे भी जारी रखेगी।
करुणा शंकर वर्मा की रिपोर्ट
Author: Adv Vinod Kumar
न्यूज 21 भारत



