न्यूज 21भारत सुल्तानपुर
सुलतानपुर। वायरल ऑडियो को लेकर जिले की सियासत में एक बार फिर संग्राम छिड़ गया है।धनपतगंज के पूर्व ब्लॉक प्रमुख यशभद्र सिंह उर्फ मोनू सिंह ने प्रेसवार्ता कर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि सामने आए ऑडियो से उनकी और उनके पूर्व विधायक भाई चंद्रभद्र सिंह की हत्या की कथित साजिश का खुलासा हुआ है।आरोपों के बाद जिले में सियासी हलचल तेज हो गई है और वार-पलटवार का दौर शुरू हो गया है।
मोनू सिंह ने प्रेसवार्ता में पुराने घटनाक्रम का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि जेल में मुलाकात के दौरान मुन्ना बजरंगी से भी हत्या करवाने की बात सामने आई थी। उनका कहना है कि वायरल ऑडियो सामने आने के बाद उन्हें कथित साजिश की गंभीरता का अंदाजा हुआ। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की।
मोनू सिंह के मुताबिक उन्होंने पुलिस अधीक्षक चारु निगम से मुलाकात कर वायरल वॉइस रिकॉर्डिंग और शिकायती पत्र सौंपा है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की मांग की। साथ ही स्पष्ट कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह न्यायालय की शरण लेंगे।वायरल ऑडियो को लेकर सुलतानपुर की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। मोनू सिंह ने कहा कि यदि लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं तो जांच से डरने की जरूरत नहीं है। वहीं,यदि रिकॉर्डिंग में सामने आए कथित तथ्यों में साजिश के संकेत मिलते हैं तो पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए।अब पूरे मामले में पुलिस जांच पर निगाहें टिक गई हैं।वायरल ऑडियो की प्रामाणिकता,आवाज किसकी है और उसमें कही गई बातों का वास्तविक संदर्भ क्या है,यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पूर्व ब्लॉक प्रमुख मोनू सिंह के आरोपों ने जिले की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है।
ब्यूरो रिपोर्ट सुल्तानपुर
Author: Adv Vinod Kumar
न्यूज 21 भारत



