न्यूज 21भारत अमेठी
अमेठी। जिला उद्यान अधिकारी रणविजय सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के निजी शीतगृहों में भंडारित आलू के भंडारण प्रभार (किराया) पर कृषकों को ₹100 प्रति कुंतल की दर से अनुदान प्रदान किया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य आलू उत्पादक किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना तथा भंडारण को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत निजी शीतगृहों में आलू भंडारित करने वाले किसान potato.uphorticulture.in पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए किसानों को आधार कार्ड अथवा कृषक आईडी के माध्यम से ई-केवाईसी कराते हुए बैंक पासबुक, नवीनतम खतौनी, शीतगृह द्वारा जारी आलू जमा रसीद, भंडारण शुल्क भुगतान रसीद तथा निकासी रसीद सहित आवश्यक अभिलेख अपलोड करने होंगे।

जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रति किसान अधिकतम दो हेक्टेयर आलू रोपित क्षेत्रफल तक की पात्रता निर्धारित की गई है तथा अधिकतम 200 कुंतल आलू पर अनुदान देय होगा। अनुदान की धनराशि किसानों के बैंक खाते में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी जाएगी। इसी क्रम में गुरुवार को कामद कोल्ड स्टोरेज, बघवरिया अमेठी में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में जिला उद्यान अधिकारी ने किसानों को संबोधित करते हुए योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अधिक से अधिक आलू उत्पादक किसानों से योजना का लाभ उठाने तथा समय से पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल किसानों की भंडारण लागत कम करने और उनकी आय में वृद्धि करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा अनुदान प्राप्त करने की पात्रता संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई। किसानों ने योजना के प्रति उत्साह व्यक्त करते हुए इसका लाभ लेने की इच्छा जताई। जिला उद्यान अधिकारी ने कहा कि जनपद के पात्र किसान निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए समय से आवेदन करें, ताकि उन्हें योजना का लाभ प्राप्त हो सके और कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिले।
ब्यूरो रिपोर्ट अमेठी
Author: Adv Vinod Kumar
न्यूज 21 भारत




